जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बुटाना के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी नीलोखेड़ी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 88 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
इस संबंध में सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नागेंद्र पुत्र दया शंकर निवासी गांव पूजम, जिला करनाल को विधि अनुसार गिरफ्तार किया
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 23 बोतल बीयर एवं 65 बोतल देशी शराब, कुल 88 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के गांव पूजम स्थित रजबाहे के समीप एक खोखेनुमा दुकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री एवं सप्लाई कर रहा था।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम (एक्साइज एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत थाना बुटाना, जिला करनाल में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद अवैध शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जिला पुलिस करनाल ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या तस्करी संबंधी कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी

