जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के अनुसार अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बुटाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 116 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
थाना बुटाना के प्रबंधक निरीक्षक विपीन कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक मनोज कुमार की अध्यक्षता में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष कुमार पुत्र सरदार, निवासी गांव नंगला झाबर कन्नौज,उत्तर प्रदेश समाना बाहु,से विधि अनुसार गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 37 बोतल अंग्रेजी शराब एवं 79 बोतल देशी शराब, कुल 116 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के गांव समाना बाहु स्थित एक मकाननुमा कोठे में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री एवं सप्लाई कर रहा था।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना बुटाना, जिला करनाल में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद अवैध शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है तथा यह भी जांच की जा रही है कि अवैध शराब की आपूर्ति किन स्रोतों से की जा रही थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जिला पुलिस करनाल ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री, भंडारण या तस्करी संबंधी कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

