जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 करनाल की टीम ने इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 42 किलो 970 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
पहले मामले में थाना असंध में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में आरोपी कोमल सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी गांव खेड़ी सरफली, थाना असंध, जिला करनाल को नया बाईपास रोड, कन्हैया चौक असंध से रतक की ओर जाने वाली सड़क से विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 20 किलो 770 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने जल्दी अमीर बनने के लालच में चूरा पोस्त की अवैध तस्करी एवं बिक्री करने की बात स्वीकार की। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
दूसरे मामले में अमित कुमार उर्फ बिट्टू पुत्र हवा सिंह निवासी गांव बसी, थाना असंध, जिला करनाल को 152-डी पुल के नीचे बाहरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के कब्जे से 22 किलो 200 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। जांच के दौरान पूछताछ में आरोपी ने जल्दी अमीर बनने के उद्देश्य से डोडा पोस्त की तस्करी एवं बिक्री करने की बात स्वीकार की। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसका पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क तथा मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों के संबंध में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
जिला पुलिस करनाल ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशा तस्करी अथवा नशीले पदार्थों की बिक्री संबंधी कोई सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

