पुलिस अधीक्षक करनाल नरेंद्र बिजारणिया के दिशा-निर्देशानुसार जिले में अपराध एवं अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रेक डाउन अभियान के तहत सीआईए-2 करनाल इंचार्ज निरीक्षक प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में गठित टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए अवैध देशी हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी पिस्तौल बरामद की गई है।
मामले की जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि दिनांक 02 अगस्त 2026 को सीआईए-2 की टीम गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि अजित उर्फ सन्नी पुत्र महेंद्र, निवासी गांव कोहंड, थाना घरौंडा, जिला करनाल अवैध हथियार सहित गांव कोहंड क्षेत्र में मौजूद है।
सूचना को पुख्ता मानते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी अजित उर्फ सन्नी को काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर देशी पिस्तौल बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध थाना घरौंडा में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के उपरांत आज आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध हथियार रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार प्रभावी कार्रवाई की जाती रहेगी।

