पुलिस अधीक्षक करनाल के दिशा-निर्देशानुसार जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत थाना शहर करनाल पुलिस ने जानलेवा हमला मामले में फरार चल रहे सातवें आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले की जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक धर्मबीर ने बताया कि इस प्रकरण में इससे पहले आरोपी के छह अन्य साथी अंकुश, बलविंदर, रवि, शुभम, साहिल तथा दीपक को गिरफ्तार किया जा चुका है। सभी आरोपी घटना में शामिल पाए गए थे। अब इस मामले में फरार चल रहे अमन पुत्र राजू निवासी चांद सराय, करनाल को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि यह मामला 13 जून 2026 को थाना शहर करनाल में दर्ज हुआ था। शिकायतकर्ता रोहित निवासी चांद सराय, करनाल ने शिकायत दी थी कि उसका भाई सोनू अपने साथी के साथ मीरा घाटी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने उसे रोक लिया और धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम द्वारा लगातार की गई छापेमारी, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण एवं गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है तथा शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं।

