करनाल: हरियाणा के करनाल जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। गांव जुंडला निवासी CRPF के सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार (56) की दिल्ली में ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार कृष्ण कुमार CRPF की 27वीं बटालियन में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात थे और दिल्ली में ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका ब्लड प्रेशर काफी लो हो गया और उनकी तबीयत बिगड़ गई।
साथी जवानों ने तुरंत उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जन्मदिन के दिन ही जिंदगी का सफर हुआ खत्म
इस घटना की सबसे मार्मिक बात यह रही कि कृष्ण कुमार का उसी दिन जन्मदिन था, जिस दिन उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार के लिए खुशी का दिन देखते ही देखते जिंदगी के सबसे दुखद दिनों में बदल गया।
जवान की मौत की सूचना गांव पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया।
राजकीय सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई
बताया जा रहा है कि CRPF जवान कृष्ण कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव जुंडला लाया जाएगा। यहां उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
परिवार और ग्रामीणों के लिए यह बेहद भावुक क्षण होगा। देश की सेवा में तैनात रहे कृष्ण कुमार के निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

