CIA-1 स्टाफ की कार्रवाई, मेरठ रोड लालपुर टी-प्वाइंट से आरोपी काबू; आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
करनाल। जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध हथियार रखने और हथियारों के बल पर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में CIA-1 स्टाफ करनाल की टीम ने अवैध हथियार रखने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .315 बोर बरामद हुई है।
गुप्त सूचना पर मेरठ रोड से आरोपी गिरफ्तार
CIA-1 स्टाफ प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुख्य सिपाही अमित कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस टीम ने लालपुर टी-प्वाइंट, मेरठ रोड, करनाल से आरोपी को काबू किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष पुत्र सुधीर कुमार, निवासी गांव नन्हेड़ा, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
तलाशी में बरामद हुआ अवैध देशी पिस्तौल
पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .315 बोर बरामद हुई। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के सामने आया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत पहले भी मामले दर्ज हैं।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, जेल भेजा
इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना मधुबन, करनाल में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया।
अवैध हथियार रखने वालों पर जारी रहेगी सख्ती
जिला पुलिस करनाल ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने, बेचने अथवा इनके माध्यम से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी और सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

