Site icon

करनाल में तिरंगा यात्रा का दिखा भव्य नजारा, भारत माता के जयकारों से गूंजा शहर

करनाल। हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को करनाल में देशभक्ति से सराबोर माहौल देखने को मिला। नेहरू पैलेस चौक से भगवान परशुराम चौक तक निकली तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और शहरवासी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से शहर गूंज उठा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में युवा और शहरवासी भी शामिल हुए। डॉ. अर्चना गुप्ता स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा की अगुवाई कर रही थीं।

यात्रा में जिला प्रभारी भारत भूषण जूयाल, जिला अध्यक्ष प्रवीण लाठर, विधायक जगमोहन आनंद और मेयर रेनू बाला गुप्ता सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तिरंगों से पट गई शहर की मुख्य सड़क

यात्रा जिस मार्ग से होकर गुजरी, वहां बड़ी संख्या में लोगों के हाथों में तिरंगे नजर आए। कार्यकर्ता लगातार देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। कुछ समय के लिए शहर की मुख्य सड़क का नजारा पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।

नेहरू चौक से शुरू हुई तिरंगा यात्रा भगवान परशुराम चौक पहुंचकर संपन्न हुई।

हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने का आह्वान

आयोजकों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रगौरव की भावना से जोड़ना है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश के नागरिकों के गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है।

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और क्रांतिकारियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को समझे। उन्होंने लोगों से हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने और अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग देश के साहस, त्याग और बलिदान की भावना का संदेश देते हैं। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रगौरव का संदेश दिया।

Exit mobile version