Site icon

करनाल में नशेड़ी भाई ने कांच की बोतल से की भाई की हत्या, रुपये न देने पर वारदात

करनाल शहर के रास रेजिडेंस क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। रुपये न देने से नाराज एक युवक ने अपने ही भाई की कांच की टूटी बोतल से गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमल के रूप में हुई है, जबकि हत्या के आरोप में उसके भाई कपिल का नाम सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कपिल ने अपने भाई से रुपये मांगे थे। कमल द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कांच की बोतल तोड़कर कमल की गर्दन पर वार कर दिया।

घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने घायल कमल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।

बताया जा रहा है कि आरोपी कपिल नशे का आदी है और स्मैक खरीदने के लिए रुपये मांग रहा था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version