पेट्रोल पंप पर नाम पूछने के बाद विवाद, युवक पर कुल्हाड़ी से हमला
पेट्रोल पंप पर पांच-छह युवकों ने बरसत गांव निवासी मनदीप को रोका, नाम बताने पर विवाद के बाद किया हमला; पुलिस ने दर्ज की FIR
करनाल/घरौंडा। घरौंडा में रविवार शाम एक पेट्रोल पंप पर पांच-छह युवकों ने बरसत गांव निवासी मनदीप पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में मनदीप के हाथ पर गंभीर चोट आई और उपचार के दौरान 17 टांके लगाने पड़े। पीड़ित की शिकायत पर घरौंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पेट्रोल पंप पर रोककर पूछा नाम
मनदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार शाम करीब 5:30 बजे वह पूंडरी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। पेट्रोल भरवाने के बाद जब वह वहां से जाने लगा तो पांच-छह युवक उसके पास आए और उसे रोक लिया।
युवकों ने उससे उसका नाम पूछा। मनदीप ने अपना नाम बताया तो एक युवक ने कहा कि उसका नाम मनदीप नहीं, बल्कि अजय है। मनदीप ने दोबारा अपना नाम मनदीप बताया, लेकिन इसी बात को लेकर युवकों के साथ उसकी बहस शुरू हो गई।
अचानक निकाली कुल्हाड़ी और कर दिया हमला
मनदीप के अनुसार, बहस के दौरान ही एक युवक ने कुल्हाड़ी निकाल ली और उस पर हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार उसके हाथ पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के बाद मनदीप अपनी बाइक मौके पर ही छोड़कर वहां से भाग गया और पास की एक फैक्टरी में जाकर छिप गया। हमलावरों के वहां से चले जाने के बाद वह बाहर आया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा। डॉक्टरों ने उसके हाथ की चोट पर 17 टांके लगाए।
हमलावरों को नहीं जानता पीड़ित
मनदीप का कहना है कि वह हमलावरों को नहीं जानता और उसकी किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। वह सरिया का काम करता है। उसका कहना है कि मामूली बातचीत के बाद अचानक उस पर कुल्हाड़ी से हमला क्यों किया गया, इसकी वजह उसकी समझ से बाहर है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

