करनाल: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को करनाल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हरियाणा प्रगतिशील MSME एवं निर्यात प्रोत्साहन नीति-2026 लॉन्च की। होटल नूर महल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति तैयार करते समय प्रदेश के उद्योग क्षेत्र की मांगों और जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। सरकार को उम्मीद है कि नीति के लागू होने से हरियाणा में बड़े स्तर पर निवेश आएगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
निवेशकों के लिए हरियाणा में कारोबार करना होगा आसान
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई MSME नीति के बाद निवेशकों के लिए हरियाणा में निवेश करना और अधिक सुविधाजनक होगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देना, कारोबार के लिए बेहतर माहौल तैयार करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हरियाणा देश का पहला विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को किया जा रहा कौशलयुक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले प्रदेश सरकार की ओर से औद्योगिक पॉलिसी लॉन्च की गई थी। इसके बाद बड़े उद्योगपतियों और ITI संस्थानों के बीच समझौते किए गए, ताकि उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को प्रशिक्षण देकर कौशलयुक्त बनाया जा सके।
सरकार का प्रयास है कि युवाओं को उनकी योग्यता और उद्योगों की मांग के अनुरूप रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हों।
‘वन ब्लॉक, वन प्रोडक्ट’ पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट की अवधारणा को आगे बढ़ाने की बात कही थी। हरियाणा सरकार इसी दिशा में वन ब्लॉक, वन प्रोडक्ट की तर्ज पर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के उत्पादों की अपनी अलग ब्रांड पहचान होनी चाहिए। पानीपत के कपड़े का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां का कपड़ा देश-दुनिया के घरों की शोभा बढ़ाता है। इसी तरह प्रदेश के अन्य जिलों के उत्पादों को भी वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कानून व्यवस्था पर CM ने कहा- सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी
पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के सवालों पर कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है। सरकार का दायित्व है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था न बिगड़े और प्रत्येक नागरिक का कानून एवं व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे।
उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है और प्रदेश में सुरक्षित माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है।
युवाओं से नशे और गलत रास्ते से दूर रहने की अपील
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने युवाओं से गलत रास्ते और नशे की दलदल से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं के पास आगे बढ़ने के लिए काफी अवसर हैं। युवाओं को मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य का निर्माण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का युवा नशे की गिरफ्त में न आए और खेल, शिक्षा, कौशल तथा रोजगार के माध्यम से आगे बढ़े।
हरियाणा के खिलाड़ियों की दुनिया में अलग पहचान
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। कॉमनवेल्थ खेलों में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

