कुरुक्षेत्र। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हजारों विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में भाग लिया और देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा को विश्वविद्यालय के कुलगुरु कार्यालय से कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों, शाखाओं और संस्थानों से होते हुए पुस्तकालय, आईआईएचएस और डीन बिल्डिंग सहित कई प्रमुख स्थानों से होकर गुजरी।
शिक्षक और विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा
तिरंगा यात्रा में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। हाथों में लहराते तिरंगे के साथ विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक है। तिरंगे को हाथ में थामने से उन स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र नायकों का स्मरण होता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के साथ-साथ देशहित में अपना योगदान देने का संकल्प लें।
तिरंगा यात्रा के साथ किया पौधरोपण
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए।
तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने जहां राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया, वहीं पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी जताई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

