करनाल। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए करनाल पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना असंध के अंतर्गत पुलिस चौकी जलमाना की टीम ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा जेवरात और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान सिंह पुत्र गुरप्रीत, अजय पुत्र राजेश कुमार और आकाश पुत्र जयपाल, निवासी गांव शेखपुरा, थाना असंध के रूप में हुई है।
परिवार हजूर साहिब गया था, पीछे से घर में हुई चोरी
पुलिस के अनुसार इस संबंध में थाना असंध में मुख्तार सिंह पुत्र हरभजन सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अपने परिवार के साथ हजूर साहिब, महाराष्ट्र दर्शन के लिए गया हुआ था।
7 अगस्त 2026 की रात जब परिवार वापस घर पहुंचा तो घर में चोरी होने का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बैड में रखे दो मोबाइल फोन, सोने-चांदी के आभूषण, आर्टिफिशियल जेवरात तथा टंकी में रखा गेहूं चोरी कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुल्तान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विश्वसनीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए जेवरात और दोनों मोबाइल फोन बरामद किए।
पूछताछ और कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल करनाल भेज दिया गया।
चोरी की वारदातों पर पुलिस की सख्ती जारी
करनाल पुलिस ने कहा कि जिले में चोरी सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

