जिला पुलिस करनाल द्वारा खेतों में ट्यूबवेलों से समर्सिबल मोटरों की केबल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए थाना निसिंग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11.700 किलोग्राम चोरीशुदा केबल तार भी बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल पुत्र भजन लाला निवासी गांव बरास, जिला करनाल के रूप में हुई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को गांव बरास निवासी संदीप कुमार पुत्र गुलाब चंद व अन्य किसानों की शिकायत पर थाना निसिंग में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ताओं ने अपनी शिकायत में बताया था कि 14 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने उनके खेतों में लगे ट्यूबवेलों से समर्सिबल मोटरों की केबल चोरी कर ली थी। काफी तलाश के बावजूद चोरी गई केबल का कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई।
मामले की जांच के दौरान थाना निसिंग की पुलिस टीम ने मुख्य सिपाही राजेश के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से 11.700 किलोग्राम चोरीशुदा केबल तार बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

