Site icon

जिला पुलिस करनाल का जागरूकता अभियान, नीलोखेड़ी के बी.एड. संस्थान में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं राहवीर योजना की दी जानकारी

जिला पुलिस करनाल द्वारा आमजन एवं युवाओं को कानून, सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नीलोखेड़ी, जिला करनाल स्थित एक बी.एड. संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, कॉर्डिनेटर थाना हाईवे करनाल ने संस्थान के स्टाफ एवं बी.एड. के विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, राहवीर योजना तथा यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, बैंक खाता एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा संबंधित पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में राहवीर योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई तथा सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्ति की समय पर सहायता करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही विद्यार्थियों को सामाजिक जीवन में अनुशासन, शिष्टाचार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर ट्रैफिक पार्क सेक्टर-7, करनाल से रवि जी भी उपस्थित रहे और उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

जिला पुलिस करनाल ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने परिवार और समाज को भी सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाकर सुरक्षित समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

Exit mobile version