Site icon

दून इंटरनेशनल स्कूल में हर घर तिरंगा यात्रा का आयोजन, पुलिस ने विद्यार्थियों को यातायात एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

दून इंटरनेशनल स्कूल, कैथल रोड करनाल में आज हर घर तिरंगा यात्रा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के चेयरमैन कुलजिंदर मोहन सिंह भाट, जसकरण सिंह, प्रिंसिपल स्वर्णजीत कौर सहित स्कूल स्टाफ, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेते हुए राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता एवं जिम्मेदारी की भावना का संदेश दिया।

इस अवसर पर सोशल मीडिया जगत से आकर्षण उप्पल एवं उनके सहयोगी भी उपस्थित रहे। जिला पुलिस करनाल की ओर से ट्रैफिक सिटी करनाल के निरीक्षक रामलाल तथा सहायक उप निरीक्षक अजय कुमार, कोऑर्डिनेटर थाना हाईवे करनाल ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया।

पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर सुरक्षित तरीके से आवागमन करने, साइबर अपराधों से बचाव तथा नशे से दूर रहने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विद्यार्थियों को सचेत करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, बैंक खाता अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि के संबंध में तुरंत सावधानी बरतें।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश देते हुए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

Exit mobile version