MANAS हेल्पलाइन 1933 और डायल 112 पर सूचना देने की अपील,
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल द्वारा नशे के विरुद्ध लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह के नेतृत्व में गठित नशा मुक्ति टीम ने गांव कुंजपुरा में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। टीम ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बन जाता है।
पुलिस टीम ने विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए उन्हें शिक्षा, खेलकूद तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। टीम ने कहा कि सकारात्मक जीवनशैली अपनाकर ही युवा अपने भविष्य को सुरक्षित और सफल बना सकते हैं।
सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में नशा करने, बेचने या तस्करी से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना, MANAS हेल्पलाइन 1933 अथवा डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

