Site icon

नशे के खिलाफ करनाल पुलिस का जागरूकता अभियान, युवाओं को दिलाया नशे से दूर रहने का संकल्प

सेक्टर-6 में साईं बाबा मंदिर के पास आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, पुलिस ने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में किया जागरूक

करनाल। जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आमजन, युवाओं और विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 3, सेक्टर-6, थाना सेक्टर-32/33 क्षेत्र में साईं बाबा मंदिर के पास नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

स्थानीय लोगों से संवाद कर समझाए नशे के दुष्परिणाम

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति टीम के प्रभारी सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह के नेतृत्व में सिपाही कर्मवीर, एसपीओ विक्रम एवं रवि की टीम मौके पर मौजूद रही।

पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी गंभीर असर डालता है।

युवाओं से शिक्षा और खेल से जुड़ने की अपील

पुलिस टीम ने युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल तथा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं और आमजन से अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया गया।

नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देने की अपील

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान आमजन को नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

नशा मुक्त समाज के लिए पुलिस का अभियान जारी

जिला पुलिस करनाल ने आमजन से नशे के खिलाफ लड़ाई में पुलिस का सहयोग करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

पुलिस के अनुसार, नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ जागरूकता अभियान भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version