Site icon

बीमा क्लेम के लालच में रची झूठी ट्रक चोरी की कहानी, शिकायतकर्ता ही निकला आरोपी,

करनाल, दिनांक 29 मई 2026। थाना बुटाना में दर्ज ट्रक चोरी के मामले का थाना प्रबंधक राजपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पर्दाफाश करते हुए दो आरोपी बलबीर सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी गांधी नगर वार्ड नंबर 08 थानेसर कुरूक्षेत्र व अमरजीत सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी ज्योति नगर थानेसर कुरूक्षेत्र को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले में शिकायतकर्ता ही आरोपी निकला।

इस संबंध में जांच अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बलबीर सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी गांधी नगर वार्ड नंबर 08 थानेसर कुरूक्षेत्र ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका ट्रक नंबर HR65A8541,जो समाना बाहु जी.टी. रोड स्थित ढाबे के सामने खड़ा था, को 6 मई की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।

शिकायत के आधार पर थाना बुटाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले में थाना टीम इंचार्ज उप निरीक्षक सचिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों व पूछताछ के दौरान सामने आया कि ट्रक चोरी नहीं हुआ था, बल्कि शिकायतकर्ता बलबीर और उसके साथी अमरजीत ने स्वयं ही ट्रक को बेच दिया था। इसके बाद बीमा क्लेम प्राप्त करने के उद्देश्य से पुलिस में ट्रक चोरी की झूठी शिकायत दर्ज करवाई गई थी।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बलबीर व उसके साथी अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों से मामले में व्यापक पूछताछ के लिए अग्रिम अनुसंधान जारी है।

Exit mobile version