बसताड़ा टोल प्लाजा के बैरियर-फ्री होने के बाद टोल बचाने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। वीरवार को एसआई बलदेव के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 100 से अधिक वाहनों के चालान किए गए। जांच में इन वाहनों की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पाई गई थी।
दरअसल, बसताड़ा टोल प्लाजा के 25 मई से बैरियर-फ्री होने के बाद टोल की वसूली ऑटोमैटिक प्रणाली के माध्यम से की जा रही है। इसी का फायदा उठाकर कुछ वाहन चालक टोल से बचने के लिए नंबर प्लेट को अस्पष्ट करने का प्रयास कर रहे थे।
जांच के दौरान सामने आया कि कई वाहन चालकों ने नंबर प्लेट पर स्टिकर, कपड़ा और अन्य सामग्री लगा रखी थी। इसका उद्देश्य नंबर प्लेट को कैमरों की नजर से छिपाना या उसे इस तरह अस्पष्ट करना था कि टोल की ऑटोमैटिक प्रणाली वाहन की पहचान न कर सके।
टोल प्लाजा के मैनेजर नीरज शर्मा ने बताया कि बैरियर-फ्री व्यवस्था लागू होने के बाद इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली। टोल प्रबंधन की ओर से संदिग्ध वाहनों की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर टोल बचाने की कोशिश करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वाहन चालकों को स्पष्ट संदेश दिया है कि नंबर प्लेट के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करने पर कार्रवाई की जाएगी।

