Site icon

रोड़ महासभा की महापंचायत में उठेगी हर्ष-बीरबल एनकाउंटर की CBI जांच की मांग

करनाल। बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हर्ष और बीरबल के एनकाउंटर को लेकर रोड़ समाज की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार को कुरुक्षेत्र में रोड़ समाज की महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें एनकाउंटर की CBI जांच की मांग को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

अखिल भारतीय रोड़ महासभा की सोमवार को रोड़ धर्मशाला में बैठक हुई। बैठक में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड, हर्ष और बीरबल के पुलिस एनकाउंटर समेत पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई। महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि समाज यह जानना चाहता है कि पुलिस की कार्रवाई किन परिस्थितियों में हुई और क्या पूरी कार्रवाई कानून के निर्धारित दायरे में हुई।

बुधवार को कुरुक्षेत्र में होगी महापंचायत

रोड़ महासभा की ओर से बुधवार को सुबह 10 बजे कुरुक्षेत्र स्थित रोड़ धर्मशाला में महापंचायत बुलाई गई है। इसमें हरियाणा के विभिन्न जिलों से समाज के प्रतिनिधि और लोग शामिल होंगे। महापंचायत में मामले की CBI जांच की मांग को लेकर आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बलकार सिंह ने कहा कि समाज किसी भी मामले में सच्चाई सामने आने के पक्ष में है। उनकी मांग है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच हो, ताकि वास्तविक तथ्य सामने आ सकें।

सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील

बैठक के दौरान समाज के युवाओं से सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील भी की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि मामले को लेकर कोई भी व्यक्ति भड़काऊ, आपत्तिजनक या गलत टिप्पणी न करे। साथ ही पुराने वीडियो, पोस्ट या बयानों को वर्तमान घटनाक्रम से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की गई।

काला माजरा की पंचायत में भी उठा था मामला

हर्ष के एनकाउंटर को लेकर रविवार को काला माजरा गांव में हुई रोड़ समाज की पंचायत में भी रोष जताया गया था। पंचायत में मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

पंचायत में लोगों ने विधायक और कुछ लोगों के बीच हुई कथित बातचीत का भी जिक्र किया। लोगों के अनुसार, बातचीत में SP से कार्रवाई के लिए समय मांगे जाने की बात कही गई थी। इसके बाद उसी रात हर्ष और बीरबल के एनकाउंटर की घटना सामने आने से समाज के कुछ लोगों ने संदेह जताया।

हालांकि, इन दावों और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब बुधवार को कुरुक्षेत्र में होने वाली महापंचायत में समाज की ओर से मामले की CBI जांच की मांग को लेकर क्या फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

Exit mobile version