रसूलपुर में घेर से मोटर चोरी कर ले गए थे आरोपी, 4 हजार रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद
करनाल। जिला पुलिस करनाल द्वारा चोरी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना कुंजपुरा पुलिस ने गांव रसूलपुर में घेर से सबमर्सिबल मोटर चोरी करने की वारदात का खुलासा करते हुए गिरोह में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
चारों आरोपी रसूलपुर के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय पुत्र सुनील, प्रवीण पुत्र धर्मा, राहुल पुत्र रामकरण और वंश पुत्र जसमेर, सभी निवासी गांव रसूलपुर, थाना कुंजपुरा, जिला करनाल के रूप में हुई है।
थाना कुंजपुरा प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह कुमार की टीम ने यह कार्रवाई की।
दिन में रेकी, रात में चोरी
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने गांव रसूलपुर में एक घेर में लगी सबमर्सिबल मोटर चोरी कर ली थी। मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना कुंजपुरा में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दिन के समय घटनास्थल की रेकी की थी। इसके बाद मौका देखकर रात में सबमर्सिबल मोटर चोरी कर ली गई।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
मामले की तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों से 4 हजार रुपये की नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की गई संपत्ति और वारदात में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी पूछताछ की गई।
चारों आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे
गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
करनाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

