Site icon

सीमेंट के कट्टे चोरी मामले में करनाल पुलिस की बड़ी सफलता, फरार तीसरा आरोपी गिरफ्तार

जिला पुलिस करनाल ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सीमेंट के कट्टे चोरी के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। थाना शहर करनाल के अंतर्गत पुलिस चौकी सेक्टर-4 की टीम ने चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी आजाद पुत्र छोटेखा निवासी रतवाका, जिला अलवर (राजस्थान) को जिला फरीदाबाद के क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इससे पूर्व इस मामले में आरोपी के अन्य साथी जाकम एवं वहिद को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मामले की जानकारी देते हुए अनुसंधान अधिकारी मुख्य सिपाही सुल्तान सिंह ने बताया कि थाना शहर करनाल में शिकायतकर्ता राकेश कुमार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था।

शिकायतकर्ता के अनुसार उसका नई अनाज मंडी, करनाल में ट्रांसपोर्ट का कार्यालय है। उसने एक ट्रक में 860 सीमेंट के कट्टे लोड कर गंतव्य के लिए रवाना किए थे। निर्धारित स्थान पर माल उतरवाने पर उसमें से 99 सीमेंट के कट्टे कम पाए गए। इसके अलावा वाहन से अन्य सामान भी गायब मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पहले आरोपी के अन्य दो साथी जाकम एवं वहीद को गिरफ्तार कर लिया गया था। लगातार की गई छापेमारी एवं तकनीकी जांच के आधार पर अब फरार चल रहे तीसरे आरोपी आजाद को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। आरोपी से गहन पूछताछ करने के बाद आज रिमांड अवधि समाप्त होने पर पुन माननीय न्यायालय के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Exit mobile version