Site icon

हरियाणा में आज फिर बारिश के आसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बदलेगा मौसम

करनाल। हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। वीरवार रात हुई हल्की बूंदाबांदी के बाद मौसम खुशनुमा हो गया था, वहीं शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण आने वाले दिनों में बादल छाने के साथ बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आ सकती है।

सुबह बादल, फिर तेज धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी

जिले में वीरवार सुबह हल्के से मध्यम बादल छाए रहे। इसके बाद तेज धूप निकलने के साथ उमस बढ़ गई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। हालांकि, रात करीब साढ़े आठ बजे के बाद हुई बूंदाबांदी ने मौसम का मिजाज बदल दिया और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

शुक्रवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आज भी बारिश होने की संभावना है।

कभी धूप तो कभी बारिश, लगातार बदल रहा मौसम

सोमवार को हुई बारिश के बाद से जिले में मौसम लगातार परिवर्तनशील बना हुआ है। कभी तेज धूप निकल रही है तो कभी बादल छा रहे हैं। इसके अलावा कई बार हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम में इस लगातार बदलाव से लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है।

36.2 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

जिले में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. मदन लाल खीचड़ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अगले कुछ दिनों तक बादल छाने और बारिश के आसार हैं। इससे तापमान में कमी आने की संभावना है।

मौसम के लगातार बदलते मिजाज के बीच लोगों को गर्मी, उमस और बारिश तीनों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम परिवर्तनशील रह सकता है।

Exit mobile version