Site icon

80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर करनाल पुलिस अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

शहर में 21 स्थानों पर नाकाबंदी, 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात; नई अनाज मंडी में 300 जवान संभालेंगे सुरक्षा

करनाल। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए करनाल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र बिजारणिया के कुशल मार्गदर्शन में जिले में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर शहर और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की व्यापक तैनाती की जा रही है।

21 स्थानों पर होगी नाकाबंदी

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर में करीब 21 स्थानों पर नाकाबंदी की जाएगी। इन स्थानों पर 100 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए समारोह स्थल के आसपास तथा मंडी के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर करीब 300 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे।

जिला पुलिस की सभी निर्धारित ड्यूटियां 14 अगस्त 2026 से ही शुरू हो जाएंगी। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस की रिजर्व फोर्स को भी तैयार और अलर्ट मोड पर रखा गया है।

होटल, ढाबे और धर्मशालाओं में सघन चेकिंग

स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शहर के प्रमुख स्थानों के आसपास स्थित होटल, ढाबे, लॉज, धर्मशाला और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित अंतराल पर गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस ने होटल, धर्मशाला और ढाबा संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति उनके यहां ठहरने या भोजन करने के लिए आता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

वाहनों और संदिग्ध यात्रियों पर भी नजर

बस स्टैंड परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध यात्रियों और बसों की भी पुलिस द्वारा गहनता से जांच की जा रही है। इसके साथ ही शहर में वाहनों की चेकिंग और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और स्वतंत्रता दिवस समारोह संपन्न होने तक चेकिंग एवं सुरक्षा अभियान लगातार जारी रहेगा।

संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तो पुलिस को दें सूचना

करनाल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करें।

Exit mobile version