जिला पुलिस करनाल द्वारा पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशों के अनुसार अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना तरावड़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 322 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
थाना तरावड़ी के प्रबंधक निरीक्षक जगदीश कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक जसविंदर की अध्यक्षता में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी बसंत पुत्र रामकृष्ण, निवासी गांव मुगल माजरा, जिला करनाल को विधि अनुसार गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 46 बोतल अंग्रेजी शराब, 36 बोतल बीयर तथा 240 बोतल देशी शराब, कुल 322 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के ढाड रोड स्थित खेतों में बने एक खोखे में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री एवं सप्लाई कर रहा था।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना तरावड़ी, जिला करनाल में मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद अवैध शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है।
पूछताछ उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी को अवैध शराब कहां से प्राप्त होती थी तथा वह इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में करता था।