जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईए) असंध की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 600 बोतल अवैध शराब बरामद की है।
मामले की जानकारी देते हुए सीआईए असंध प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि सहायक उप निरीक्षक खेमचंद, मुख्य सिपाही राजिंदर तथा सत्यवान की संयुक्त पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए लोकेश पुत्र महासिंह निवासी गांव राहड़ा, जिला करनाल को विधि अनुसार गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 438 बोतल बीयर, 99 बोतल अंग्रेजी शराब (42 अधे एवं 57 क्वार्टर) तथा 57 बोतल देशी शराब (52 पव्वे सहित) बरामद की गई। कुल मिलाकर आरोपी के कब्जे से करीब 600 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के गांव राहड़ा स्थित रोड पर एक अवैध ठेका नुमा दुकान संचालित कर रहा था, जहां अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री एवं सप्लाई की जा रही थी।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम (एक्साइज एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत थाना असंध, जिला करनाल में मामला दर्ज किया गया है। बरामद अवैध शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस करनाल ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।