जिला पुलिस करनाल द्वारा अवैध शराब की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कुंजपुरा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 33 बोतल अवैध शराब बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में गठित पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए परविंदर पुत्र हरविंदर, निवासी गांव नेवल, जिला करनाल को विधि अनुसार गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 24 बोतल अवैध शराब मार्का मस्ती माल्टा, 6 बोतल तथा 6 अधे मार्का जामुन सहित कुल 33 बोतल अवैध शराब बरामद की गई।

अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम (एक्साइज एक्ट) की संबंधित धाराओं के तहत थाना कुंजपुरा, जिला करनाल में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस एवं परमिट के गांव नेवल स्थित चौक पर अपनी दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर उसकी बिक्री एवं सप्लाई का कार्य कर रहा था।

पुलिस ने बरामद अवैध शराब को नियमानुसार कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अवैध शराब कहां से लाता था और किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। जिला पुलिस करनाल ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब की बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।