जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाते थाना शहर के अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी सेक्टर-4 की टीम ने स्नैचिंग की वारदात में शामिल एक किशोर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई उप निरीक्षक राजबीर सिंह के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम द्वारा स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी प्रकाश पुत्र रमेश व रौनक पुत्र नारायणन निवासी खेड़े वाली गली, करनाल तथा एक किशोर आरोपी को काबू किया गया। आरोपियों के कब्जे से छीना गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता संजीव सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दिनांक 05 मई 2026 को वह किसी कार्य से जा रहा था। जब वह नई अनाज मंडी के पास पहुंचा तो रास्ते में कुछ व्यक्तियों ने उसके साथ छीना-झपटी कर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर में स्नैचिंग की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।