करनाल। उत्तम नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एवं ज्ञानपीठ शिक्षा निकेतन स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 14 अगस्त को उत्तम नगर पार्क, वार्ड नंबर-3 में पौधारोपण एवं तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, क्षेत्रवासियों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में डीएफएससी करनाल श्री मुकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि नगर निगम वार्ड नंबर-3 के पार्षद श्री परमजीत सिंह अति विशिष्ट अतिथि तथा पूर्व पार्षद श्री रोहतास लाठर विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तम नगर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान पदम सिंह प्रजापति एवं ज्ञानपीठ शिक्षा निकेतन स्कूल के चेयरमैन श्री नरेश लाठर ने संयुक्त रूप से की।

त्रिवेणी लगाकर किया पौधारोपण का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने त्रिवेणी का पौधा लगाकर किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

बच्चों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मुकेश कुमार ने कहा कि तिरंगा केवल आजादी का प्रतीक नहीं, बल्कि हर भारतीय के सम्मान और गौरव का प्रतीक है। जब भी कोई भारतीय विदेश जाता है तो उसकी पहचान भारतीय के रूप में होती है और तिरंगा इस पहचान को गौरवान्वित करता है।

शहीदों के बलिदान को किया याद

पप्पू लाठर ने कहा कि आजादी के बाद देशवासियों को समानता सहित अनेक अधिकार मिले। इन अधिकारों के पीछे लाखों स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का बलिदान है, जिसे देश कभी भुला नहीं सकता।

एसोसिएशन के प्रधान पदम सिंह प्रजापति ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में अनेक वीरों ने अपना जीवन देश के लिए न्योछावर किया, जिनमें से कई शहीदों के नाम आज भी आम लोगों को ज्ञात नहीं हैं। उन्होंने 13 वर्ष की आयु में देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले रामचंद्र विद्यार्थी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

ज्ञानपीठ स्कूल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा

कार्यक्रम के बाद ज्ञानपीठ शिक्षा निकेतन स्कूल से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा उत्तम नगर और फुसगढ़ गांव से होकर वापस ज्ञानपीठ शिक्षा निकेतन स्कूल पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान बच्चों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर एसोसिएशन की जनरल सेक्रेटरी मिनाक्षी यादव, श्री नरेश लाठर, श्री रमेश लाठर, श्री अविनाश, श्री नरेंद्र सिंह यादव, श्री गुलाब, श्री सूरजभान, श्री मुकेश कुमार, श्री राजकुमार चौहान, श्री वीर बहादुर, श्री जसविंदर, श्री पवन कुमार, श्री राजेंद्र अग्रवाल, श्री जितेंद्र शर्मा, धीरज कुमार, सुरेश शर्मासहित सैकड़ों बच्चे एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।