चोरीशुदा एक्टिवा व मोटरसाइकिल बरामद

जिला पुलिस करनाल द्वारा वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की टीम ने सहायक उप निरीक्षक देवी दयाल सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा एक एक्टिवा तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रवण उर्फ संदीप पुत्र पूर्ण सिंह निवासी नलीपार, थाना कुंजपुरा, जिला करनाल के रूप में हुई है।

पुलिस जांच के दौरान आरोपी को थाना शहर में दर्ज मुकदमें में मुखबिर खास की सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने उक्त मुकदमे में वाहन चोरी की वारदात करना स्वीकार किया तथा मामले संबंधी महत्वपूर्ण खुलासे किए।

जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से मुकदमा हाजा की चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई। इसके अतिरिक्त एक अन्य चोरीशुदा एक्टिवा भी बरामद की गई। पुलिस द्वारा आरोपी से घटनास्थल की निशानदेही करवाई गई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जल्दी अमीर बनने तथा अपने शौक पूरे करने की नियत से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था।

टीम द्वारा आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है