25 ग्राम स्मैक मामले में पांचवां आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक करनाल के दिशा-निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल करनाल की टीम ने इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 25 ग्राम स्मैक बरामदगी के मामले में पांचवें आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहिल रावल पुत्र कौशर निवासी गांव केरटू, थाना झिंझाना, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध थाना सेक्टर-32/33 करनाल में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज मुकदमे में कार्रवाई की गई है।
पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस संबंध में जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह ने बताया कि उक्त मामले में पहले चार आरोपियों को 25 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया जा चुका है। प्राथमिक पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया था कि उनके साथ इस नशा तस्करी के नेटवर्क में साहिल रावल भी शामिल है।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी साहिल रावल को काबू किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
करनाल पुलिस द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।