जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 404 ग्राम अफीम सहित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना निसिंग में एनडीपीएस एक्ट की धाराओ के तहत मामला दर्ज किया गया है। एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज उप निरीक्षक हिम्मत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त व अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान प्राप्त सूचना एवं संदेह के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को काबू किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 404 ग्राम अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रभजीत सिंह उर्फ प्रभ पुत्र सरदा सिंह, निवासी गांव निम्नाबाद, थाना सदर सफीदो, जिला जींद, हाल निवासी बूटा कॉलोनी, निसिंग, जिला करनाल के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जल्दी अमीर बनने तथा अपने शौक पूरे करने के लिए अफीम बेचने का अवैध कारोबार करता था।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क, अफीम की खरीद-फरोख्त के स्रोत तथा इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी।

जिला पुलिस करनाल ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।