जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मधुबन की पुलिस चौकी मंगलोरा टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 240 ट्रामाडोल नशीले कैप्सूल बरामदगी के मामले में तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस चौकी मंगलोरा के इंचार्ज उप निरीक्षक मंजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए निर्मल कुटिया के पास से आरोपी रवि कुमार पुत्र रामबीर निवासी गांव टपराना, शामली, उत्तर प्रदेश को काबू किया।

चौकी इंचार्ज ने बताया कि उक्त मामले में पुलिस टीम द्वारा पहले आरोपी सर्वजीत तथा उसके साथी लवप्रीत को 240 ट्रामाडोल नशीले कैप्सूल सहित गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मधुबन में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

प्राथमिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे उक्त नशीले कैप्सूल आरोपी रवि से आगे बेचने के लिए खरीदकर लाए थे। पूछताछ एवं जांच के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आज आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है तथा नशे के इस अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगामी अनुसंधान जारी है।