करनाल। हरियाणा के करनाल जिले के होनहार मुक्केबाज गंगा ने जकार्ता में आयोजित एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। स्वदेश लौटने पर उनका जिले में भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और रोड शो निकालकर उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। इसके बाद रोड चौपाल में आयोजित सम्मान समारोह में गंगा को सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता की शुरुआत से ही गंगा शानदार लय में दिखाई दिए। उन्होंने अपने दमदार खेल और आक्रामक अंदाज से लगातार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल मुकाबले में गंगा का सामना कजाकिस्तान के मजबूत मुक्केबाज बेक्सुल्तान बोरानबेक से हुआ। मुकाबले की शुरुआत से ही गंगा ने अपनी तेज गति, बेहतरीन तकनीक और सटीक पंचों से प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा। उनके आक्रामक खेल के सामने कजाकिस्तान के खिलाड़ी के पास कोई प्रभावी जवाब नहीं था।

रोमांचक मुकाबले में गंगा ने 3-2 के स्कोर से जीत दर्ज कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ उन्होंने न केवल भारत का गौरव बढ़ाया, बल्कि करनाल जिले को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।

गंगा की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों और जिले के लोगों ने खुशी जताई। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *