करनाल। करनाल की बेटी श्रीतारा पासरीचा ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और अदम्य साहस के बल पर ‘मिस यूनिवर्स हरियाणा-2026’ का प्रतिष्ठित ताज अपने नाम कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

प्रतियोगिता के दौरान श्रीतारा शारीरिक दर्द और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना कर रही थीं, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय अपने हौसले को मजबूत रखा। दर्द के बावजूद मंच पर उतरकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और निर्णायकों को प्रभावित करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

श्रीतारा ने प्रतियोगिता के दौरान मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बेहद जरूरी है और लोगों को बिना झिझक अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बात करनी चाहिए।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जीवन में कठिनाइयां और चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ हर बाधा को पार किया जा सकता है।

श्रीतारा की इस सफलता पर परिवार, मित्रों और शहरवासियों ने खुशी जताई है। सोशल मीडिया पर भी उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं। उनकी उपलब्धि ने करनाल की युवा पीढ़ी को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया है।

श्रीतारा पासरीचा की यह जीत केवल एक सौंदर्य प्रतियोगिता में सफलता नहीं, बल्कि संघर्ष, साहस और आत्मविश्वास की मिसाल बनकर सामने आई है।