छेड़छाड़ के एक पुराने मामले के आरोपित योगेश ने नीलोखेड़ी के पोल्ट्री क्षेत्र में लड़की की मां, भाई और चचेरे भाई पर गोली चला दी, जिससे तीनों घायल हो गए।
डेढ़ साल पहले बेटी से छेड़छाड़ के मामले में घर के बाहर चक्कर काटने से रोकने पर आरोपित युवक ने दो साथियों के साथ मिल लड़की की मां, भाई और चचेरे भाई पर फायरिंग कर दी।
इससे तीनों घायल हो गए। घटना पोल्ट्री क्षेत्र में रविवार सायं हुई। सूचना मिलने पर नीलोखेड़ी चौकी व बुटाना थाना पुलिस सहित सीआइए की टीम मौके पर पहुंच गई और जांच की। आरोपित युवक फरार है। पोल्ट्री एरिया निवासी लड़की के पिता ने बताया कि आरोपित युवक योगेश ने करीब डेढ़ साल पहले उसकी बेटी से छेड़छाड़ की थी।
तब इस मामले में उन्होंने नीलोखेड़ी चौकी पुलिस को शिकायत दी थी। जिसमें पुलिस ने समझौता करा दिया था। तभी से रंजिश बनी हुई है। कई दिनों से आरोपित योगेश उनके घर के बाहर चक्कर काट रहा था। धमकी दे रहा था कि वह उनकी लड़की को उठाकर ले जाएगा।
रविवार को भी घर के बाहर पहुंचा। जब उसे रोका तो उसने गाली गलौज और बहस शुरू कर दी। इसके बाद शाम को वह दो साथियों के साथ उनके घर के सामने पहुंचा और उसने लड़की की मां, लड़की के भाई व चचेरे भाई पर फायरिंग कर दी। एक की बाजू पर, एक की टांग पर और एक के पेट पर गोली लगी है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।