जिला पुलिस थाना साइबर क्राइम करनाल की टीम द्वारा सहायक उप निरीक्षक रामफूल की अध्यक्षता में एक महिला के साथ ऑनलाइन टास्क पूरा कर रुपये कमाने का लालच देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरुण कुमार पुत्र जैसाराम, अनवर लाल उर्फ अनिल कुमार पुत्र मिठूराम निवासी गांव बीजराड़ जिला बाड़मेर राजस्थान तथा विकास पुत्र पुखराज निवासी संत रविदास नगर थाना बदवारिया जिला जोधपुर राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को बाड़मेर क्षेत्र से काबू किया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को दी शिकायत में महिला शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्रॉम होम संबंधी एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके पास व्हाट्सएप पर संदेश आया तथा बाद में उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।
ग्रुप में आरोपियों द्वारा टास्क पूरे कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। शुरुआत में टास्क पूरा करने पर कुछ रुपये दिए गए, जिससे शिकायतकर्ता को विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपियों ने पेड टास्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने अपने बैंक खाते तथा अपने परिवार के बैंक खातों से विभिन्न तिथियों में लगभग 11 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया, जिसके बाद उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला।
शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम करनाल में अभियोग नंबर 202 दिनांक 30/12/2025 धारा 318(4), 61 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्परता से जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा मामले में आरोपियों एवं संबंधित बैंक खातों की जानकारी जुटाते हुए तकनीकी जांच के आधार पर तीनों आरोपियों तक पहुंच बनाई गई तथा उन्हें गिरफ्तार किया गया। मामले में आज तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के सम्मुख पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।