छीना गया मोबाइल फोन व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद
जिला पुलिस करनाल द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए-1 की टीम ने स्नैचिंग की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीआईए-1 में तैनात सहायक उप निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश पुत्र विनोद कुमार, मनीष पुत्र मुरारी लाल तथा सन्नी पुत्र मान सिंह, निवासी जनकपुरी गली नंबर-4, करनाल के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने आरोपियों को सेक्टर-16 टी-प्वाइंट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से छीना गया एक मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
मामले के अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने थाना शहर करनाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 04 जुलाई 2026 की शाम वह नई अनाज मंडी के समीप से काम करके अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया, उसके साथ हाथापाई की और उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना शहर करनाल में स्नैचिंग की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए-1 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों एवं गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।