करनाल: मृत महिला को जिंदा दिखाकर करवाई जमीन की फर्जी रजिस्ट्री, तीन आरोपी गिरफ्तार

असंध (करनाल)। करनाल जिले के असंध क्षेत्र में मृत महिला को दस्तावेजों में जीवित दिखाकर उसकी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

शिकायतकर्ता सुखविंद्र सिंह ने असंध डीएसपी को दी शिकायत में बताया कि उनकी दादी का करीब 20 वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बावजूद कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी जमीन की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। आरोप है कि मृत महिला की जगह दूसरी महिला को खड़ा कर उसे जीवित दिखाया गया और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि जांच के दौरान शिकायत सही पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि एक अन्य मामले में जीवित व्यक्ति की जगह भी किसी दूसरे व्यक्ति को खड़ा कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।

पुलिस के अनुसार अब तक इस तरह के चार मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से तीन मामलों में असंध थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने एक धार्मिक स्थल (पीर) पर पूजा करने वाली बुजुर्ग महिला को पक्का मकान बनवाने का लालच दिया। इसके बदले उसे चांदी की पाजेब और कुछ रुपये देकर मृत महिला की जगह रजिस्ट्री के दौरान खड़ा कर दिया गया।

पुलिस ने इस मामले में खेड़ी सरफअली निवासी बंटी और गोलू तथा गांव दनौली निवासी उदय को गिरफ्तार किया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तरह की फर्जी रजिस्ट्रियों में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितनी संपत्तियों में इसी तरह का फर्जीवाड़ा किया गया है।

पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और मामले में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *