परिजनों के अनुसार 5 जून की रात को भी रोहित और महिला के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जो बाद में विवाद में बदल गई। उनका दावा है कि बातचीत के दौरान रोहित ने महिला को करनाल बुलाकर आमने-सामने बातचीत करने की बात कही थी।
करनाल के मॉडल टाउन क्षेत्र की सैनी कॉलोनी में शनिवार रात एक युवक का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 25 वर्षीय रोहित कुमार निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। मृतक करनाल कोर्ट में कर्मचारी के तौर पर कार्यरत था। घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन चौकी पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा हुआ सामने आ रहा है, जबकि परिजनों ने एक महिला पर रोहित को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
पुलिस के अनुसार रोहित कुमार पिछले कुछ समय से सैनी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। शनिवार शाम पड़ोसियों ने उसके कमरे में फंदे से लटका शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।
महिला पहले से शादीशुदा, तीन बच्चों की मां
परिजनों ने आरोप लगाया है कि संबंधित महिला पहले से विवाहित है तथा तीन बच्चों की मां है। उनका कहना है कि महिला स्वयं को रोहित की पत्नी बताती थी, जबकि दोनों का विवाह नहीं हुआ था। परिजनों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से महिला और रोहित के बीच संबंधों को लेकर तनाव चल रहा था।
परिजनों के अनुसार 5 जून की रात को भी रोहित और महिला के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जो बाद में विवाद में बदल गई। उनका दावा है कि बातचीत के दौरान रोहित ने महिला को करनाल बुलाकर आमने-सामने बातचीत करने की बात कही थी। परिजनों का यह भी आरोप है कि रोहित ने उस दौरान आत्महत्या करने जैसी बात कही थी, लेकिन महिला करनाल नहीं आई। इसके बाद रोहित मानसिक तनाव में आ गया।
परिजनों के बयान के आधार पर आगे होगी कार्रवाई
मॉडल टाउन थाना पुलिस से जांच अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि सैनी कॉलोनी में युवक द्वारा फंदा लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।