करनाल में नीट परीक्षा पेपर लीक और कथित धांधली के विरोध में छात्रों और आम जनता का आक्रोश देखने को मिला। सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने शनिवार रात गांधी चौक पर रात 8 बजे से 10 बजे तक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग उठाई।
सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुशील गुजर ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं ने देश के लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल एक परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों और उनके भरोसे के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्रालय इस मामले की जिम्मेदारी से बच नहीं सकता और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई जाती तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक सीटू का आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन में शामिल कोमल ने कहा कि दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी करने वाले लाखों अभ्यर्थियों को निराशा का सामना करना पड़ा है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर छात्रों को न्याय दिलाया जाए।
सीटू प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में रेखा गुजर, सेवा राम, लाभ सिंह, कृष्ण शर्मा, ओम प्रकाश और जगपाल राणा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.