करनाल: करनाल के जुंडला के पास बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक निजी बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बस में सवार करीब 6 यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ओवरटेक के दौरान हादसा होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसा ओवरटेक करने के दौरान हुआ। बताया जा रहा है कि निजी बस करनाल से असंध की ओर जा रही थी, जबकि कार चालक भी असंध की दिशा में जा रहा था। इसी दौरान जुंडला के नजदीक दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

बस में सवार 6 यात्री घायल

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में बस में सवार करीब 6 यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस जांच कर्मचारी के अनुसार, जुंडला के नजदीक निजी बस और कार की टक्कर होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर कार चालक की मौत हो चुकी थी, जबकि बस में सवार यात्रियों के घायल होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।