समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान करना तथा अन्य विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना था।
समारोह के दौरान विद्यालय के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, प्रशस्ति-पत्र एवं अन्य सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर पूरा विद्यालय परिवार गर्व से अभिभूत दिखाई दिया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सरदार हरविंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतिभा सम्मान समारोह विद्यार्थियों के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का सम्मान है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा उन्हें जीवन में निरंतर उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं। हमें अपने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व है और विश्वास है कि वे भविष्य में भी विद्यालयए परिवार एवं राष्ट्र का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के प्रबंधक सरदार परमजीत सिंह खरबंदा तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अन्य सम्मानित सदस्यों ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके अथक परिश्रम, शिक्षकों के समर्पण तथा अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर रहने तथा नैतिक मूल्यों के साथ जीवन में आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।
समारोह के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों का समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया।