कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा के संयोजन में सम्राट पृथ्वीराज चौहान भवन में 597वां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्राम एवं शहर के बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा 21 से अधिक यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। शिविर के मुख्य अतिथि जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अजीत सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी चिरंजी लाल वर्मा ने की। मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्तदान से अनेक जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए। पुलिस विभाग के सर्वोच्च रक्तदाता एवं हरियाणा पुलिस के उपनिरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा अब तक 184 बार स्वैच्छिक रक्तदान एवं 90 बार प्लेटलेट्स और 1 बार प्लाज़्मा दान कर चुके हैं। इसके साथ ही वे 597 स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से 21266 रक्त इकाई सरकारी रक्त कोषों को उपलब्ध करवा चुके हैं जिसका लाभ 63798 लोगों को मिला है। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि कारगिल के वीर शहीदों के सम्मान में आयोजित यह रक्तदान शिविर राष्ट्र सेवा और मानव सेवा को समर्पित है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण तथा नशा मुक्ति जैसे जनहित अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लें।
उन्होंने कहा कि युवा नशे की सुई से दूर रहें और रक्तदान करके लोगों का जीवन बचाएं। शिविर में जैमल सिंह, राहुल, कर्ण सिंह, मुनि कुमार, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य अजीत सिंह, गगन राम, दीपक, सौरव कुमार, रवि कुमार, सतबीर कौशिक, डॉ. त्रिलोक छौक्कर, रवि सम्भली, अमन ढींगरा, राजेंद्र सहरमा, राजेश कुमार, जवाहर नवोदय विद्यालय की उप प्राचार्या सुमन कुमार तथा पार्थ सहित 21 रक्तदाताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों तथा चिकित्सा दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की भागीदारी से ही ऐसे सेवा कार्य सफल होते हैं और भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के अभियान निरंतर जारी रहेंगे। नागरिक अस्पताल करनाल से क्षेत्रीय रक्त संचरण अधिकारी डॉ. संजय वर्मा की अध्यक्षता में रक्त संगृहीत किया गया।