41 रक्तदाताओं ने रक्तदान कर शहीद ऊधम सिंह को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

युवा नशे की सुई को कहें ‘न’ और रक्तदान की सुई को कहें ‘हाँ’ — डॉ. अशोक कुमार वर्मा

क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस की स्मृति में देवी मंदिर, इंद्री में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित, राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता, डायमंड रक्तदाता एवं पर्यावरण प्रहरी डॉ. अशोक कुमार वर्मा के संयोजन में 600 वाँ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 41 युवाओं एवं समाजसेवियों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर महान क्रांतिकारी शहीद ऊधम सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंद्री के मनोनीत पार्षद सेठ पाल वर्मा रहे, जबकि अनुज गोयल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर की अध्यक्षता एवं व्यवस्था अनेक बार रक्तदान कर चुके समाजसेवी अभिषेक वर्मा ने की। मुख्य अतिथि सेठ पाल वर्मा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। 11 वीं बार के रक्तदाता अभिषेक वर्मा ने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि शहीद ऊधम सिंह का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि “नशे की सुई को ‘ना’ और रक्तदान की सुई को ‘हाँ’ कहें।

उन्होंने बताया कि नियमित रक्तदान से समाज की सेवा के साथ-साथ रक्तदाता का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। शिविर में नागरिक अस्पताल करनाल के क्षेत्रीय रक्त संचरण अधिकारी डॉ. संजय वर्मा के दल द्वारा रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वालों में सुरेंद्र कुमार, वीरेंद्र, अशोक कुमार, सुरेश कुमार, सुनील कुमार, राकेश, सुरेंद्र कुमार, विजय कुमार, संजीव कुमार, बजरंग, शामशेर, परदीप सिंह, अधिवक्ता राजेश गुप्ता, काजल, शिवपाल, जितेंद्र कुमार, रोहताश कुमार, प्रिंस, नमित कुमार, मंजे राम, नितेश, अनिल कुमार, नाज़िर, तरुण कपूर, सुरेंद्र पाल, गौतम, मोन्टी, कर्मकरण, गुरदीप, राजपाल, दलेश, अभिषेक वर्मा, विकास कुमार, विनोद, करणजीत, राजिंदर सिंह, सुभाष चंद तथा अनिल कुमार प्रमुख रूप से शामिल रहे। शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने डॉ. अशोक कुमार वर्मा द्वारा आयोजित 600वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए इसे समाज सेवा का प्रेरणादायी अभियान बताया। उल्लेखनीय है कि डॉ. अशोक कुमार वर्मा स्वयं 184 बार स्वैच्छिक रक्तदान, 90 बार प्लेटलेट्स दान तथा एक बार प्लाज़्मा दान कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित 600 स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों के माध्यम से अब तक 21,355 यूनिट रक्त सरकारी रक्तकोषों में एकत्रित किया जा चुका है, जिससे लगभग 64,065 जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलने में सहायता मिली है। उनके निरंतर सामाजिक योगदान से प्रदेशभर में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जनजागरूकता का व्यापक वातावरण तैयार हुआ है। इस अवसर पर स्टार रक्तदाता प्रमोद कुमार एवं अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।