गांव कुटेल में करनाल पुलिस का डोर-टू-डोर नशा जागरूकता अभियान
ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से किया अवगत, युवाओं को शिक्षा व खेलों से जुड़ने का दिया संदेश,
MANAS हेल्पलाइन 1933 एवं डायल 112 पर सूचना देने की अपील, पहचान गोपनीय रखने का भरोसा
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस करनाल द्वारा नशे के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह के नेतृत्व में गठित नशा मुक्ति टीम द्वारा थाना मधुबन क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुटेल में डोर-टू-डोर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया और उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। टीम ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है तथा परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा बनता है।
पुलिस टीम ने विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं को जागरूक करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने की अपील की। साथ ही शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
सहायक उप निरीक्षक जगमाल सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा करने या नशा बेचने से संबंधित कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित थाना, MANAS हेल्पलाइन 1933 अथवा डायल 112 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
जिला पुलिस करनाल ने नागरिकों से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि समाज, परिवार और पुलिस के सामूहिक प्रयासों से ही युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर सुरक्षित एवं सशक्त भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सकता है।