करनाल। घरौंडा रेलवे स्टेशन के नजदीक एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। मृतक की पहचान घरौंडा निवासी देव के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया से मिली हादसे की खबर, मोर्चरी में हुई पहचान
जानकारी के अनुसार परिवार के लोग देव की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें रेलवे ट्रैक पर हुए हादसे की जानकारी मिली। परिजन जब मोर्चरी हाउस पहुंचे तो शव की पहचान देव के रूप में हुई।
पड़ोसी बोले- आत्महत्या नहीं कर सकता था युवक
मृतक के पड़ोसी ने बताया कि देव किसी तरह की परेशानी में नहीं था। उनका कहना है कि युवक आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता था। पड़ोसी के अनुसार यह मामला हादसे का है और संभवत: ट्रेन की चपेट में आने से उसकी जान गई।
GRP ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलने के बाद GRP पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। जांच के बाद ही हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।