जिला पुलिस करनाल द्वारा चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए-3 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सहायक उप निरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरबुट राज पुत्र सुसाई राज निवासी हसमतपेट, अलवाल, साइबराबाद, किशोर पुत्र नागराज निवासी सिकंदराबाद, हैदराबाद सिटी, राजकपूर निषाद पुत्र राजेंद्र निषाद निवासी पालरी लिलाई कोठी, कुशीनगर तथा विष्णु साहनी पुत्र वीरेंद्र साहनी निवासी पोखरा टोला, कुशीनगर के रूप में हुई है।
मामले के अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता देवेन्द्र सिंह निवासी एलआईसी कॉलोनी, करनाल ने शिकायत दी थी कि वह अपने परिवार सहित बच्चों की छुट्टियों के कारण अपने गांव गए हुए थे। दिनांक 17 जून 2026 को वापस घर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर घर से कुछ चांदी के आभूषण,सिक्के तथा नकदी चोरी कर ले गए हैं।
शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया तथा विभिन्न तकनीकी और मानवीय पहलुओं पर जांच की गई। जांच के दौरान चारों आरोपियों की पहचान कर उन्हें नई अनाज मंडी, करनाल क्षेत्र से काबू किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है। मामले में चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय के सामने पेश कर 3दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। दौराने रिमांड आरोपीयो से गहन पूछताछ कर मामले में चोरी गए सामान की बरामदगी तथा अन्य संभावित वारदातों के संबंध में पूछताछ के लिए आरोपियों से गहन पूछताछ हेतू मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।