डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने चालक प्रशिक्षुओं को दिया संदेश— वाहन चलाते समय नींद, क्रोध और नशे से रहें दूर

करनाल। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशानिर्देशों तथा पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री राजेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के मार्गदर्शन में चालक प्रशिक्षण संस्थान, करनाल में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। संस्थान के प्रभारी विनोद कुमार, राजेंद्र एवं अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में चालक प्रशिक्षुओं तथा संस्थान के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने उपस्थित प्रशिक्षुओं को नशे के प्रकार, कारण, दुष्प्रभाव एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार देश में होने वाले अनेक अपराधों के पीछे नशे की भूमिका प्रमुख कारणों में से एक है।मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति, पारिवारिक जीवन और सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को जागरूक करते हुए कहा, “DRUG END ALL DREAMS” अर्थात नशा व्यक्ति के सभी सपनों का अंत कर देता है। उन्होंने चालक प्रशिक्षुओं को विशेष रूप से सचेत करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय नींद, क्रोध और नशा—इन तीनों से हमेशा बचना चाहिए, क्योंकि सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। डॉ. वर्मा ने बताया कि यदि कहीं भी प्रतिबंधित नशे की बिक्री, तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो उसकी सूचना एनसीबी हेल्पलाइन 1933 अथवा हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार एवं हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रवर्तन, जागरूकता और पुनर्वास—इन तीनों स्तरों पर निरंतर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित चालक प्रशिक्षुओं एवं कर्मचारियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई।